बरेली। लोकसभा और विधानसभा चुनावों में सुरक्षित सीटों पर भी खराब प्रदर्शन से बसपा हाईकमान चिंतित है। इसलिए इन सीटों पर फोकस करने के लिए पार्टी ने भाईचारा समाज इकाईयों को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। इसके तहत प्रदेश महासचिव ने दिशा-निर्देश दिए, साथ ही विधानसभा और बूथ स्तर पर प्रस्तावित संगठन ढांचा भी समझाया।
सोमवार दोपहर सर्किट हाउस पहुंचे प्रदेश महासचिव व एमएलसी सुरेश कश्यप ने कश्यप और अन्य समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठक की। उन्होेंने कहा कि सहारनपुर, मेरठ, बरेली, मुरादाबाद, लखनऊ मंडलों में स्थित 29 आरक्षित सीटें हैं। इन सीटों पर जीत दर्ज कराने के लिए अभी से कार्यकर्ता और पदाधिकारी जुट जाएं। कश्यप ने कहा कि सुरक्षित सीटों पर नए प्रारूप से संगठन तैयार किया जा रहा है। इसके अनुसार संबंधित पदाधिकारी बूथ स्तर तक संगठन तैयार कर लें। इस मौके पर अयोध्या प्रसाद गंगवार, जगदीश प्रसाद और जयपाल सिंह आदि प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।