बरेली। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कहा कि जिस गांव का बच्चा पढ़ाई में अव्वल रहेगा, उसके गांव और स्कूल तक सड़क बनाई जाएगी ताकि स्कूल जाने में बच्चों को असुविधा न हो। राममंदिर मुद्दे पर बोले कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राजनीतिक रोटियां सेंकने का दौर खत्म हो गया। अब अयोध्या में भव्य राममंदिर बनेगा।
यहां सर्किट हाउस में शुक्रवार को विकास कार्यों के अनावरण कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना भेदभाव विकास कार्य करा रही है। तमाम चुनौतियों के बाद भी विकास हो रहा है। इसलिए विपक्षी दल 2022 में सत्ता में आने का सपना न देखें। गठबंधन की सीढ़ी के सहारे सीएम की कुर्सी पाने वालों की कोशिशों का नतीजा भी सब देख चुके हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की एक प्रतिक्रिया पर उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में 1557 गांवों तक सड़क बनाई जा चुकी है और कई जगह काम चल रहा है। घर-घर बिजली पहुंचाई जा रही है। बिजली सप्लाई नहीं मिलने के नाम पर कहीं भी आंदोलन नहीं हो रहे। इसके अलावा सरकार अब पड़ोसी राज्यों की सीमाओं पर सड़कें बनाने का काम भी कर रही है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि एपीजे कलाम योजना के तहत पुरस्कृत टॉपर बच्चों के गांव को संपर्क मार्ग से जोड़ने के साथ ही अब उनके स्कूल तक सड़क बनाई जाएगी। कोशिश है कि सभी गांव तक संपर्क मार्ग अवश्य बन जाए।