बरेली। भाजपा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगने वाले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अब सार्वजनिक तौर पर पब्लिक से माफी मांगें, क्योंकि लोकसभा चुनाव प्रचार में सबसे बड़ा झूठ बोल कर उन्होंने जनता को भ्रमित करने की कोशिश की। जनता सब जानती है और समझदार है, इसलिए कांग्रेस सत्ता से बाहर रही।
सिविल लाइंस स्थित एडीएम कंपाउंड के पास सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में आयोजित धरना सभा कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी ने बिना किसी आधार पर राफेल लड़ाकू विमान सौदों पर भ्रामक प्रचार किया। पिछले दिनों लोकसभा चुनाव में उन्होंने चौकीदार चोर जैसे अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया। सभी चुनाव में देश के सामने झूठे आंकड़े दिए। उन्होंने कहा कि मामला जब सुप्रीम कोर्ट में गया तो माफी मांग ली और फिर दुष्प्रचार में जुट गए। इस प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी का माफीनामा स्वीकार कर लिया, लेकिन अब राहुल गांधी पब्लिक से माफी मांगें। विधायक डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. अरुण कुमार, वरिष्ठ नेता सुभाष पटेल, रामगोपाल मिश्रा आदि ने कहा कि कांग्रेस प्रमुख संतुलित होकर बोलें। उनके भ्रामक प्रचार और झूठे ब्यान से लोग परिचित हो चुके हैं। इसके बाद जिलाध्यक्ष के साथ नेता और कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा।