बरेली। अयोध्या मामले को लेकर जिले में धारा 144 लागू होने के बावजूद सोमवार को सपाइयों ने महंगाई के विरोध में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इसके लिए सपाइयों को न तो लिखित अनुमति मिली थी और न ही प्रदर्शन के दौरान किसी ने उनसे इसे दिखाने को कहा।
सपा के पूर्व जिला प्रवक्ता हैदर अली और प्रमोद यादव के नेतृत्व में कचहरी स्थित पार्क पर एकत्र हुए सपाइयों ने कहा कि देश और प्रदेश की सरकार जनता का ध्यान बंटा रही हैं। महंगाई लगातार बढ़ रही है, डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस, प्याज-टमाटर आदि के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। महंगाई से जनता परेशान है। उन्होंने राष्ट्रपति से केंद्र सरकार बर्खास्त करने की मांग करते हुए महंगाई डायन खाए जात है, के नारे लगाए। इसके बाद कलक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। साथ ही उन्हें सिलिंडर का चित्र भी भेंट किया। इस दौरान सीमा श्रीवास्तव, किस्मत अली, जगवीर यादव, आकाश यादव, हकीम आहिद हुसैन, अक्षय मैसी आदि मौजूद रहे। धारा 144 के बीच प्रदर्शन के संबंध में हैदर अली ने बताया कि उन्होंने सात नवंबर को ही डीएम कार्यालय में इसके संबंध में अपना प्रार्थनापत्र रिसीव करा दिया था।