बरेली। निजी कॉलेजों पर अवैध वसूली का आरोप लगाकर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. अनिल शुक्ल का घेराव किया। कुलपति को दिए ज्ञापन में उन्होंने सभी मामलों पर कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान उन्होंने पुतला दहन भी किया।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक निजी कॉलेज में एलएलबी की 120 सीटें हैं, लेकिन वहां 145 छात्रों की फीस जमा करा ली गई है, यह फीस वापस कराई जाए। उन्होंने निजी कॉलेजों में स्कॉलरशिप में 30 प्रतिशत कमीशन, प्रैक्टिकल के नाम पर और बीएलएड के छात्रों से अवैध रूप से दस हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया। कहा, इसकी रसीद देने के बजाय फीस रसीद के पीछे सिर्फ मुहर लगाई जाती है। निजी डिग्री कॉलेजों अवैध रूप से डीन और रजिस्ट्रार जैसे पद बना रखे हैं, जबकि इसका कोई प्रावधान नहीं है।
उन्होंने बीएड की काउंसलिंग के दौरान छात्रों की दोहरी जमा हुई फीस भी लौटाने की मांग की। साथ ही कुलपति को बताया कि कैंपस में बीएड विभाग में पेयजल की बड़ी समस्या है। नई मशीनें आ गई हैं, लेकिन उन्हें लगाया नहीं गया है। उन लोगों ने कहा कि अगर निजी कॉलेजों की मनमानी पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करेगी। इस पर कुलपति ने सभी बिंदुओं का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान विभाग संगठन मंत्री राहुल चौहान, महानगर मंत्री गौरव यादव, योगेश पंडित, मनोज यादव, सचिन सिंह, सपना चौहान, पवन राजपूत आदि मौजूद रहे।