बरेली। कई साल पुराने जमीन नीलामी के मामले में गोलमाल के आरोप लगाते हुए बहेड़ी विधायक छत्रपाल सिंह ने विधानसभा में सवाल उठाया है। जिला प्रशासन को इस मामले में साक्ष्यों को पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।
विधानसभा में उठाए मामले में विधायक छत्रपाल सिंह ने कहा है कि जिला प्रशासन ने कई साल पुराने चंद्रप्रकाश के जमीन के नीलामी प्रकरण में गोलमाल किया है। इस मामले पर जब सवाल उठाया तो नियमानुसार नीलामी का तर्क दिया गया। उनका कहना है कि जब जमीन का न्यूनतम मूल्य ही निर्धारित नहीं था तो नीलामी प्रक्रिया कैसे हो सकती है। इस पर जब सवाल उठाया गया तो जिला प्रशासन ने नीलामी की प्रक्रिया के बजाय कोर्ट का आदेश प्रस्तुत करके गुमराह किया जबकि इस वाद से नीलामी का कोई लेना देना नहीं है। अपनी शिकायत में विधायक ने कहा है कि अधिकारियों ने अपनी गलती छिपाने के लिए गुमराह किया है। ऐसे अधिकारियों को दंडित किया जाए। विधायक की शिकायत का संज्ञान लेते हुए विधानसभा की अनुश्रवण समिति ने अधिकारियों को साक्ष्यों समेत जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।