बरेली। आजाद सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला और उनकी टीम ने बरेली आकर एसएसपी से मिलकर अजितेश के खिलाफ अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। एसएसपी से कहा कि सोशल मीडिया पर यो यो अभि सिंह उर्फ अजितेश के अवैध हथियारों के साथ फोटो वायरल हुए हैं। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की जाए। चेतावनी भी दी कि एफआईआर दर्ज न होने पर सप्ताह भर बाद आजाद सेना आंदोलन करेगी।
आजाद सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला के साथ उनके संगठन के लोगों ने बुधवार दोपहर एसएसपी मुनिराज जी से उनके कार्यालय में जाकर मुलाकात की। कहा कि अभि सिंह उर्फ अजितेश के फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद हैं जिनमें वह गैर लाइसेंसी हथियारों के साथ दिख रहा है। देश भर के चैनल व अखबार भी इन्हें सुर्खियों में ला चुके हैं। बावजूद अभी तक उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अजितेश को अवैध हथियार रखने के आरोप में रिपोर्ट लिखकर जेल भेजा जाए। एसएसपी ने जांच की बात कहकर इन्हें भेज दिया। ज्ञापन देने वालों में संगठन के संरक्षक त्रिभुवन शर्मा, कुणाल राणा व मुनीश पंडित आदि शामिल थे।