बरेली। घर से भागकर शादी करने के बाद अपने विधायक पिता राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल को तमाम आरोपों के कटघरे में खड़ा कर देने वाली साक्षी अब सेलिब्रिटीज के भी निशाने पर आ गई हैं। महानायक अमिताभ बच्चन, ओलंपियन पहलवान योगेश्वर दत्त और कवि कुमार विश्वास ने भी ट्वीटर पर उन्हें नसीहत देते हुए पिता की विवशता समझने के बजाय आरोप लगाने पर नाराजगी जताई है।
साक्षी को लेकर किए गए एक ट्वीट को रीट्वीट करते हुए अमिताभ बच्चन ने लिखा है- श्रेष्ठता जन्म से नहीं आती, गुणों के कारण निर्मित होती है। दूध, दही, छाछ, घी, मक्खन एक ही कुल के होते हुए भी सब के मूल्य अलग-अलग होते हैं।’ ओलंपिक पदक विजेता रहे पहलवान योगेश्वर दत्त ने लिखा है- कोई भी माता-पिता अपनी बेटी का हाथ किसी बिगडै़ल लड़के के हाथ में नहीं देंगे। दुनिया का हर माता-पिता अपनी औलाद के लिए योग्य लड़का या लड़की चाहते हैं। दो दिन से पूरे देश ने एक माता-पिता की इज्जत का तमाशा बना रखा है।
कवि कुमार विश्वास ने टीवी चैनलों पर चुभती हुई टिप्पणी की है- खेलों में दौड़कर स्वर्ण जीतने वालों को ब्रेकिंग न्यूज बनाओ, घर से भागने वालों को नहीं। कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन ने ट्वीटर पर साक्षी से सवाल किया है कि ‘खूब प्रेम करो, प्रेम विवाह भी करो, घर से भागने का भी पूरा हक है लेकिन साक्षी..जिस गोद में पली बढ़ी और जिस आंगन में खेली, उसको कलंकित करने का अधिकार तुम्हें किसने दे दिया। एक न्यूज चैनल के पत्रकार राहुल सिन्हा ने लिखा है ‘क्या बरेली की साक्षी मिश्रा को उसके पिता ने शादी करने के बाद क्या किसी भी तरह का नुकसान पहुंचाने की कोई धमकी दी थी, अगर दी थी तो उसका कोई ऑडियो, वीडियो या टेक्स्ट मेसेज है। अगर नहीं तो राजेश मिश्रा को विलेन कैसे साबित किया गया।
भाजपा के प्रवक्ता अश्विनी उपाध्याय ने लिखा है कि विधायक मिश्रा को विलेन घोषित करने वालों.. क्या तुम अपनी बेटी की शादी किए ऐसे लड़के से कर सकते हो जो शराबी, आवारा और अय्याश हो और कई लड़कियों की जिंदगी बरबाद कर चुका हो।