बदायूं। उझानी क्षेत्र में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में पुलिस ने महान दल के नेता चंद्रप्रकाश मौर्य समेत तीन लोगों के खिलाफ रविवार देर रात कार्रवाई कर दी। वह वाहनों के काफिले के साथ बुटला गांव पहुंचे थे। इसका वीडियो वायरल होने के बाद मामला अफसरों के संज्ञान में पहुंचा।
दरोगा शिवराज सिंह की ओर से दर्ज चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन मामले में जिक्र है कि गांव बुटला दौलत में चंद्र प्रकाश मौर्य, उदयवीर मास्टर और मनफूल सिंह समेत अज्ञात लोग वाहनों के काफिले के साथ प्रचार कर रहे थे। जबकि चुनाव आयोग 15 जनवरी तक रोड शो और रैली पर प्रतिबंध लगा चुका है। आरोपियों ने धारा 144 का उल्लंघन किया। नामजद चंद्र प्रकाश मौर्य महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य के बेटे हैं और सपा गठबंधन से बिल्सी क्षेत्र से प्रत्याशी हैं।
बताते हैं कि वाहनों के काफिले और समर्थकों के साथ गांव में घूमने का वीडियो भी वायरल हो गया था। वायरल वीडियो रविवार शाम का बताया गया था। मामला अफसरों के संज्ञान में पहुंचा तो पुलिस भी हरकत में आ गई थी। उझानी के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना दरोगा प्रमोद कुमार को सौंपी गई है। संवाद