उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2023 के तहत चयनित अभ्यर्थियों को 16 जून को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में नियुक्तिपत्र दिया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री 1,240 पुरुष और 248 महिला अभ्यर्थियों को यह नियुक्तिपत्र सौपेंगे। अभ्यर्थियों को लखनऊ ले जाने की जिम्मेदारी पुलिस को सौंपी गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। रेंज के बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत से 1,488 अभ्यर्थियों को 35 बसों से 15 जून को लखनऊ के लिए रवाना किया जाएगा। उनके साथ चारों जिलों से चार सीओ भी जाएंगे।
इकाना स्टेडियम में होगा कार्यक्रम
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि 16 जून को इकाना स्टेडियम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तिपत्र देंगे। पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा, खान-पान, ठहराव और आवागमन के लिए अधिक सतर्कता बरती जाए। साथ ही सुरक्षा के लिए महिला अभ्यर्थियों के साथ महिला पुलिसकर्मियों को भेजा जाएगा।
कोई असुविधा या असुरक्षा होने पर स्थानीय महिला हेल्प डेस्क से संपर्क किया जा सकता है। यह सक्रिय रहेगी। बरेली में एसपी ट्रैफिक अकमल खान, बदायूं व शाहजहांपुर में एसपी देहात और पीलीभीत में एएसपी बतौर नोडल अधिकारी अभ्यर्थियों की बसों, उसके ठहराव, खानपान और शौचालय आदि सुविधाओं की व्यवस्था करेंगे।