बरेली। नेपाल सीमा से सटे और चीन की सीमा से महज एक घंटे की हवाई दूरी पर स्थित बरेली में दुश्मन की हवाई घुसपैठ रोकने के लिए त्रिशूल हवाई अड्डे पर एयरफोर्स हमेशा सजग रहती है। अब इस काम में पुलिस को भी जवाबदेह और भागीदार बनाया जा रहा है। इसके लिए एयरफोर्स और पुलिस का संयुक्त प्रशिक्षण होना है। इसकी गुरुवार से कवायद शुरू की गई है।
एयरबेस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को एसएसपी शैलेश पांडेय से उनके दफ्तर में मुलाकात की। कुछ मिनट की औपचारिक मुलाकात के बाद वह चले गए। एसएसपी ने पत्रकारों को बताया कि अवांछित हवाई उड़ानों पर निगरानी के लिए लखनऊ एयरफोर्स स्टेशन में अनवांटेड एयर व्हीकल का प्रशिक्षण होना है। एयरफोर्स स्टाफ के साथ बरेली पुलिस की टीम भी इसमें शामिल होगी। इसमें बरेली हवाई अड्डे के दायरे में आने वाले क्षेत्र में अनाधिकृत उड़ानों पर निगरानी और कार्रवाई के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा। मूल कार्य एयरफोर्स का ही है, पुलिस उनकी मददगार के तौर पर रहेगी। ब्यूरो