कैंट क्षेत्र के गांव चनहेटा में रहने वाले अनिल कुमार इसी इलाके में मां सरस्वती जूनियर हाईस्कूल चलाते हैं। अनिल कुमार के मुताबिक शनिवार की शाम वह परिवार के साथ बाजार गए हुए थे। रात करीब साढ़े आठ बजे घर लौटे तो दरवाजा खोलते ही एक लिफाफा फर्श पर पड़ा मिला। उसे खोला तो अंदर एक पत्र निकला जिसमें लिखा था, ‘अगले 24 घंटों में तेरे और तेरे स्कूल के बच्चों को बम से उड़ा दिया जाएगा। सुबह स्कूल पहुंचने के बाद तुझे वहां एक पार्टी मिलेगी, जो आगे की बात बताएगी। इस धमकी से प्रबंधक के होश उड़ गए। उनका परिवार भी दहशत में आ गया।
रात में ही प्रबंधक की सूचना पर सीओ सिटी पुलिस फोर्स लेकर स्कूल पहुंचे और खुद अपने सामने छानबीन कराई। इस छानबीन में कुछ पता नहीं लगा तो रात भर पुलिस को इलाके में गश्त करने का निर्देश दिया। रात में ही सूचना दी गई तो रविवार सुबह जांच के लिए सहारनपुर से बम निरोधक दस्ता भी पहुंच गया। इस दस्ते ने डॉग स्कवॉड के साथ स्कूल और प्रबंधक के घर के हर कोने की सघन जांच की। इस जांच में भी सब कुछ ठीक पाया गया तो पुलिस ने राहत की सांस ली। प्रबंधक ने बताया कि संभवत: किसी ने उन्हें डराने के लिए शरारत की थी।