शीशगढ़। कस्बे में किराने की दुकान से दो ग्राहकों द्वारा डेढ़ लाख ले जाने के मामले में पुलिस को परिवार पर ही शक है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपियों से पूछताछ के बजाय पुलिस परिवार के सदस्यों से ही पूछताछ कर रही है।
पीड़ित का कहना है कि थाने से लेकर डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक शिकायत करने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि सीसी फुटेज भी कैद है। उनका आरोप है कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने के बजाय शिकायतकर्ता के परिवार पर ही शक जता रही है।
कस्बा शीशगढ़ निवासी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उनके पिता उदयवीर सिंह और बेटा प्रिंस दादा-पोते मिलकर किराने की दुकान चलाते हैं। नौ नवंबर को दुकान खोलने के कुछ देर बाद दो ग्राहक सामान खरीदने पहुंचे। प्रिंस ग्राहकों को सामान निकालकर काउंटर पर रख रहा था। इसी दौरान उसके दादा उदयवीर सिंह घर से काली पन्नी में डेढ़ लाख रुपये लेकर आए और पन्नी काउंटर पर रखकर दुकान की सफाई करने लगे। आरोप है कि तभी आरोपी रुपये ले गए। बाद में आरोपी आरोप से इन्कार कर दिया।
उदयवीर सिंह का कहना है कि अभी तक आरोपित युवकों को पूछताछ के लिए थाने तक नहीं बुलाया। उल्टा उनके नाती प्रिंस पर ही रुपये गायब करने का शक जताया जा रहा है। पीड़ित का कहना है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास मौजूद है, जिसमें दोनों युवक दिखाई दे रहे हैं।
-
मामले में शीशगढ़ पुलिस जांच कर रही है। सीसी कैमरों की फुटेज चेक की गई है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
- अरुण कुमार सिंह, सीओ, बहेड़ी