सीओ ने लोगों के साथ की बैठक
सीओ मीरगंज हर्ष मोदी ने रविवार को बुझिया माइनर पहुंचकर सेवा ज्वालापुर एवं आसपास के जिम्मेदार लोगों के साथ बैठक की। घटनाओं के खुलासे के लिए उन्होंने लोगों से सहयोग मांगा। कहा कि हत्याओं का खुलासा होने तक महिलाएं व बच्चे अकेले खेतों पर न जाएं। खेत व चकरोड पर जाते समय चार या पांच लोगों का समूह बना लें। रास्ते में कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई पड़ता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुरुषों को भी लाठी-डंडे के साथ खेतों पर जाने की सलाह दी।
वीरावती की हत्या के बाद पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए सांसद संतोष गंगवार रविवार को सेवा ज्वालापुर गांव पहुंचे। सांसद ने महिला के पति घनश्याम व पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि हत्याकांड का शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा। सांसद के साथ ममता गंगवार, वीरपाल मौर्य, शिवम शर्मा, प्यारेलाल वर्मा, अजय राजपूत, राकेश शर्मा, रामेश्वर दयाल, यशपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
इनकी हो चुकी है हत्या
19 जून को कुल्छा गांव की धानवती, 29 जून को आनंदपुर की प्रेमवती, 22 जुलाई को खजुरिया की कुसुमा देवी, 10 अगस्त को मजरा मुबारकपुर की शांति देवी और 23 अगस्त को गांव सेवा ज्वालापुर निवासी वीरवती की हत्या हुई थी। पांच महिलाओं के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है, जबकि इसी तरह एक अन्य मामले में शिकायत नहीं की गई है।