फतेहगंज पूर्वी। पुलिस को शुक्रवार को मिली गांव भदपुरा के सोनपाल (75) की हत्या की सूचना फर्जी निकली। जांच में पता लगा कि ग्रामीण की मौत बीमारी से हुई है। वह तीन साल से फालिज से पीड़ित थे। परिजनों के इन्कार करने पर शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, भदपुरा के शिवलाल एक फैक्टरी में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी ने उनको सूचना दी कि पिता सोनपाल की हत्या की गई है। उन्होंने डायल 112 को सूचना दी और घर पहुंचे। सूचना पर सीओ फरीदपुर और थाना प्रभारी भी पहुंचे। वहां जानकारी हुई कि सोनपाल तीन साल से फालिज से पीड़ित थे। शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि शिवलाल की पत्नी का पड़ोसी महिला से झगड़ा हुआ था। इस दौरान उन्होंने गुस्से में कहा था कि पिता को मार डाला गया है, जबकि बीमारी से मौत हुई थी। सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि बीमारी से मौत हुई है। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इन्कार किया तो पुलिस पंचनामा भरकर लौट गई। इसके बाद सोनपाल का अंतिम संस्कार किया गया।