लखीमपुर खीरी के हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव खोखाय में 21 जनवरी की रात सीतापुर ब्रांच नहर में डूबी 22 वर्षीय छात्रा निशा देवी का शव छठे दिन मितौली थाना क्षेत्र के गांव रामनगर के पास नहर से बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक 21 जनवरी की शाम खोखाय निवासी सतीश राठौर ने घरेलू कलह के चलते अपनी पत्नी की पिटाई कर दी थी। इससे क्षुब्ध हुई सतीश की 22 वर्षीय पुत्री निशा देवी ने रात नौ बजे सीतापुर ब्रांच में छलांग लगा दी थी। बेटी का पता नहीं चलने पर सतीश ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
25 किमी दूर बरामद हुआ शव
इसके बाद पुलिस ने गोताखोरों एसडीआरएफ टीम से मोटर बोट के जरिए दो दिनों तक शव की पानी में तलाश कराई, लेकिन युवती का कहीं पता नहीं चला। अधिकारियों के निर्देश पर जब नहर का पानी बंद करने पर 26 जनवरी को निशा का शव 25 किलोमीटर दूर मितौली थाना क्षेत्र में रामनगर गांव के समीप नहर से बरामद हुआ।
इंस्पेक्टर शशि शेखर यादव ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में हैदराबाद और मितौली थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने लड़की का शव पानी से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।