फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: पुलिस ने ओडिशा से दिल्ली जा रहा गांजे से भरा ट्रक पकड़ा, रामपुर निवासी दो आरोपी गिरफ्तार

Sat, 15 Nov 2025 10:13 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली में भमोरा पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक से डेढ़ कुंतल गांजा बरामद किया है। यह गांजा ओडिशा से लाया गया और दिल्ली में सप्लाई होना था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 
विज्ञापन
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने किया खुलासा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में भमोरा थाना पुलिस ने शनिवार को ओडिशा से दिल्ली जा रहे ट्रक को रोककर तलाशी ली तो डेढ़ क्विंटल से ज्यादा सूखा गांजा बरामद हुआ। रामपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने पुलिस लाइन में इसका खुलासा किया।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात भमोरा थाना प्रभारी सनी चौधरी अपनी टीम व एसओजी के साथ क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रहे थे। रम्पुरा तिराहे से बिशारतगंज जाने वाले मार्ग पर उत्तराखंड नंबर का एक ट्रक आता दिखा। पुलिस को देख ट्रक से उतरकर दो लोग भागने लगे। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस को पता चला कि दोनों रामपुर जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव पस्तौर निवासी आलम उर्फ अकरम और इस्लाम खां हैं।

पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई। ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 153.69 किलोग्राम सूखा गांजा भरा था। पुलिस ने गांजे की खेप, घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और ट्रक को सीज कर दिया। भमोरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से दोनों को जेल भेजा गया है।

विज्ञापन

दिल्ली और रामपुर के तस्करों ने मंगाई थी खेप
भमोरा थाना प्रभारी सनी चौधरी ने आलम और इस्लाम खां से पूछताछ की। दोनों ने पुलिस को बताया कि यह गांजा ओडिशा से ट्रक में लोड कर दिल्ली पहुंचाने जा रहे थे। दिल्ली निवासी राकेश यादव और रामपुर के शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव पस्तौर निवासी फरमान ने यह गांजा मंगाया था। यह माल ओडिशा से बदायूं जिले के आसफपुर रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने के लिए दोनों आरोपियों 40 हजार रुपये दिए गए थे। यहां से यह माल दिल्ली भेजा जाना था। हाईवे पर पुलिस चेकिंग की आशंका के चलते आरोपियों ने भमोरा के रास्ते का चुनाव किया था।

विज्ञापन

पुलिस ने इस साल तस्करी के 464 आरोपियों को भेजा जेल
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि इस साल तस्करों के विरुद्ध की गई यह बड़ी कार्रवाई है। साउथ जोन में जनवरी से अब तक 208 तस्करों को जेल भेजा गया है। उनसे छह करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद किए गए है। पूरे जिले में एसएसपी के निर्देशन में अब तक 464 तस्करों को गिरफ्तार कर 35 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। ओडिशा से बिहार, झारखंड, यूपी, दिल्ली जैसे राज्यों में गांजे की आपूर्ति के मामले पकड़े जाते हैं।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें