meerut police, up police, murder
- फोटो : अमर उजाला
बरेली। सेटेलाइट चौराहे के पास पीलीभीत डिपो की बस से ढाई क्विंटल विस्फोटक बरामद होने के मामले में बारादरी पुलिस लगातार फर्रुखाबाद के आतिशबाज के ठिकानों पर छापे मार रही है। शनिवार को पुलिस ने आतिशबाज के कई अड्डों समेत उसके घर और ससुराल में भी दबिश दी। फर्रुखाबाद कोतवाली पुलिस ने इस आतिशबाज को पकड़ा था, लेकिन बाद में उसे क्लीन चिट देकर छोड़ दिया था।
बारादरी क्षेत्र में सेटेलाइट बस स्टैंड के पास पुलिस ने पीलीभीत डिपो की बस से फर्रुखाबाद से लाया जा रहा ढाई क्विंटल विस्फोटक पकड़ा था। मामले में पीलीभीत और फर्रुखाबाद जिलों के छह आरोपियों को पुलिस जेल भेज चुकी है। अब बस के एक फरार ड्राइवर और फर्रुखाबाद के आतिशबाज की तलाश में बारादरी पुलिस लगातार दबिश दे रही है। शनिवार को पुलिस ने फर्रुखाबाद में आतिशबाज के कई ठिकानों के अलावा मोहल्ला आड़तियान स्थित उसके घर और मोहल्ला नया कोटा स्थित ससुराल में दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। फर्रुखाबाद पुलिस पर आतिशबाज से सांठगांठ के आरोप लगने के बाद बारादरी पुलिस ने दबिश देने की फर्रुखाबाद पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी।