ट्राॅलियों की चोरी व अवैध शराब बिक्री करने का करते थे धंधा
भोजीपुरा। पुलिस ने संगठित गिरोह बनाकर ट्राॅलियां, कृषि यंत्रों की चोरी करने व शराब बिक्री के अवैध धंधे करने के तीन आरोपियों के खिलाफ बुधवार को गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव घुरसमसपुर निवासी सर्वेश, अमर पाल निवासी घुरसमसपुर व सूरज निवासी कमुआं मकरूका थाना भोजीपुरा हाल निवासी गांव दोहना पीतमराय थाना भोजीपुरा तीनों संगठित गिरोह बनाकर ट्रैक्टर से रात गांवों में ट्राॅलियां, रोटावेटर चोरी करते थे। साथ ही अवैध रूप से देसी शराब बनाकर ठेकों पर सप्लाई करते थे। भोजीपुरा पुलिस ने गत वर्ष उक्त तीनों आरोपियों के दोहना पीतमराय स्थित जंगल में बने ठिकाने से चोरी की ट्राॅलियों, रोटावेटर व अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया था। उसके बाद वे जमानत पर बाहर आ गए थे।
प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा प्रवीन सोलंकी ने बताया कि डीएम की अनुमति के बाद गैंगस्टर के तहत तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। काफी दिनों से पुलिस को इनकी तलाश थी। बुधवार को पुलिस ने एक सूचना के आधार पर घुरसमसपुर की श्मशान भूमि से सुबह नौ बजे इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। संवाद
आरोपियों पर तीन थानों में 60 मामले दर्ज
प्रभारी निरीक्षण प्रवीन सोलंकी ने बताया कि तीनों आरोपियों पर चोरी, अवैध रूप से शराब बेचने के मामले में छह-छह भोजीपुरा में, तीन-तीन देवरनियां थाने में कुल मिलाकर 27 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा तीनों आरोपियों पर गैंगस्टर के 11-11 करके 33 मुकदमे दर्ज हैं।
-
चोरी की बाइक व तमंचा सहित एक गिरफ्तार
रुद्रपुर से बाइक बेचने बहेड़ी कस्बे में आया, अन्य आरोपी भी जांच के घेरे में
बहेड़ी। उत्तराखंड का रहने वाला युवक वहां से बाइक चोरी कर बहेड़ी लेकर आया। उसे पुलिस ने केसर इंटर कॉलेज के मैदान के सामने से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा व कारतूस भी मिला। पुलिस ने आरोपी को मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में बुधवार को पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार रुद्रपुर आवास विकास स्थित एयरटेल पेमेंट बैंक के सामने से खड़ी एक बाइक को वहीं के युवक ने चोरी कर लिया। चोरी की बाइक लेकर वह बहेड़ी के केसर इंटर कॉलेज के मैदान के सामने खड़ा था। आधी रात को पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह बहेड़ी बाइक बेचने की फिराक में आया था। पकड़े गए युवक ने अपना नाम सुखविंदर सिंह निवासी बाजपुर केलाखेड़ा उधम सिंह नगर बताया है।
पुलिस ने जानकारी निकाला तो पता चला कि आरोपी के खिलाफ तीन मुकदमे रामपुर और दो मुकदमे उधम सिंह नगर में पहले से दर्ज हैं। इंस्पेक्टर संजय तोमर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों से भी पूछताछ होगी। उसमें गिरोह के कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। संवाद