जिला प्रशासन के एंटी टोबैको अभियान के क्रम में सोमवार दोपहर कचहरी रोड और आसपास जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान तंबाकू का धुआं उड़ाते हुए, बेचते और खरीदते हुए कुल 29 लोगों का चालान कर 4820 रुपये वसूले गए। चालान कटाई के लपेटे में सिपाही से लेकर वकील तक आए।
चैंबर में घुसकर सिगरेट पी रहे वकील अनीस खां का चालान काटने पर दूसरे वकील भड़क उठे। उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया और तल्ख तेवरों के साथ निरीक्षण टीम की ओर लपके तो खाद्य सुरक्षा अधिकारी वहां से तुरंत भगे और एक परिचित वकील के यहां शरण ली। इतने में निरीक्षण को प्रशासन की ओर से भेजे एसीएम उदयवीर सिंह, एसीएम प्रेम प्रकाश अंजोर आदि पुलिस बल के साथ पीछे से पहुंचे तो स्थिति सामान्य हुई और चेकिंग का काम आगे बढ़ा। इससे पहले कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम सिटी आलोक कुमार की अध्यक्षता में प्रभावी तंबाकू निषेध अभियान पर बैठक हुई। तंबाकू के खिलाफ जागरूकता और फिर कार्रवाई वाले अभियान में जिला स्वास्थ्य विभाग के डा. सुरजीत सिंह को समन्वयक बनाया गया है। सीएमओ को चालान वसूली संबंधी रसीदें पर्याप्त संख्या में छपवाकर अभियान में जुडे़ विभागों को मुहैया कराने का निर्देश दिया गया। टीम बरेली कॉलेज गेट के पास चस्पा धूम्रपान संबंधी विज्ञापनों को जांचने पहुंची लेकिन विज्ञापन दुकानों और दीवारों से हटे मिले। एडीएम ने सभी दुकानों पर धूम्रपान संबंधी विज्ञापन का कड़ाई से चेकिंग का निर्देश दिया है।