एडीएम प्रशासन अरुण कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट में हुई जिला उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं को सुलझाने के साथ ही शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार का मौका मुहैया कराने पर भी एकराय बनी। अर्बन हाट में 29 और 30 दिसंबर को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से रोजगार मेला आयोजित होगा। इसमें बरेली के उद्यमी और बाहर से भी उद्यमी घराने युवाओं को अपने संस्थान के लिए नियुक्ति का मौका देंगे। बाहर से अभी तक रेड चीफ कंपनी के आने पुष्टि हुई है। उसने यहां विभिन्न कामकाज के लिए 300 युवाओं को चयनित करने का लक्ष्य रखा है।
बाहर से आने वाली कंपनियों में कानपुर की लियान ग्लोबल प्रा. लि., मेटलाइफ इंश्योरेंस आदि शामिल हैं। बैठक में तय हुआ कि बरेली वाडीलाल आइसक्रीम कंपनी, कैंफर ग्रुप, वृंदावन वेबरेजेज आदि कंपनियां इस मेले में शिरकत करेंगी। साथ ही सेना, पुलिस और अन्य सरकारी नियोक्ता महकमे भी अपने यहां उपलब्ध पदों, उन पर नियुक्ति की प्रक्रिया आदि के ब्योरे लेकर पहुंचेगी ताकि युवा अपनी योग्यता और दक्षता के अनुसार संबंधित क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के लिए आवेदन कर सकें। दो दिन चलने वाले मेले के दौरान निजी नियोक्ता कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों की दक्षता और योग्यता का मूल्यांकन करने के साथ ही इंटरव्यू, ग्रुप डिसकशन आदि भी आयोजित होंगे। इस बैठक में सहायक जिला रोजगार सहायता अधिकारी रत्नेश चंद्र, जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक मो. अफजल, दस्तकार बुनकर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष मुख्तार अंसारी, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) बरेली चैप्टर अध्यक्ष मनोहर लाल धीरवानी, भारत भूषण अग्रवाल, राजेश गुप्ता आदि मौजूद थे।
24 से 27 तक विंटर कार्निवाल
बरेली (ब्यूरो)। जिला उद्योग बंधु की बैठक में सोमवार को विंटर कार्निवाल आयोजित करने का फैसला हुआ। तय हुआ कि 24 से 27 दिसंबर तक अर्बन हाट में यह आयोजित होगा। इसमें गरम कपड़ों के 15 स्टाल और जरी - जरदोजी वालों के पांच स्टाल और खानपान के एक दर्जन से अधिक स्टाल होंगे। आईआईए प्रदेश उपाध्यक्ष भारत भूषण शील के अनुसार, कार्निवाल में अजंता स्वीट्स, किप्स, पीके नमकीन सरीखे प्रष्ठिानों के स्टाल तो होंगे ही, चाट - चाउमीन आदि के खोमचे वाले स्टाल भी होंगे।
जिला उद्योग बंधु की बैठक के अन्य प्रमुख बिंदु
- परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य शुरू, सीबीगंज में पुलिस पेट्रोलिंग के लिए डीएम से गुहार
- लखनऊ की तर्ज पर बरेली में जरी - जरदोजी उत्पादों को वैट मुक्त करने का प्रस्ताव डीएम ने शासन को भेजा
- अजय शुक्ला की अध्यक्षता वाली टीम की जांच रिपोर्ट के बाद भोजीपुरा में निरस्तीकरण वाले औद्योगिक भूखंडों की रिपोर्ट प्रस्तुत। किसान इंडस्ट्रीज का भूखंड निरस्त जबकि अन्य चार को मोहलत।
- जरी जरदोजी से जुड़े चार लाख कारीगर परिवारों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर लगेंगे। विभागीय बहानेबाजी नहीं चलेगी।
- सीबीगंज औद्योगिक क्षेत्र में 280 मीटर रोड निर्माण नगर निगम के जिम्मे, रजऊ परसपुर में सड़क मरम्मत मंडी समिति या जिला पंचायत करेगी
- परसाखेड़ा में रोड नंबर पांच का मरम्मत होगा, एस्टीमेट तलब।