अलीगंज। थाना क्षेत्र अलीगंज के एक गांव से लापता तीन बहनों में से दो को पुलिस ने शुक्रवार को आंवला के मंडोरा तिराहा से खोज लिया है। पुलिस अब भी तीसरे की तलाश कर रही है। दोनों बहनों की उम्र करीब 10 और 12 साल बताई जा रही है।
परिजनों की डांट के बाद बृहस्पतिवार को दिन में तीनों बहनें एक इंटर कॉलेज में परीक्षाफल लेने पहुंची थीं, लेकिन वहां से वह तीनों घर नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा के निर्देश पर पुलिस ने जीआरपी के साथ मिलकर छह टीमें गठित कर दीं। टीम ने आंवला के मंडोरा तिराहे से दो बहनों को तलाश कर उनके परिजनों के हवाले कर दिया। हालांकि तीसरे की तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस का दावा है कि तीसरी बहन को भी जल्द तलाश लिया जाएगा। थाना प्रभारी निरीक्षक राजित राम ने कहा कि जगह-जगह टीमें तलाश कर रही हैं।
आंवला रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई थीं तीनों
तीनों बहनें बृहस्पतिवार को आंवला के रेलवे स्टेशन पर पहुंच गईं। जीआरपी पुलिस ने पूछा तो तीनों लड़कियों ने बहाना बना दिया। इस पर तीनों को लखनऊ वाली ट्रेन में बैठा दिया गया। हालांकि कुछ देर बाद पुलिस ने दो को खोज लिया।