110 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि श्यामगंज में हुए बवाल में दो रिपोर्ट दर्ज की गई थीं। इनमें 110 अज्ञात आरोपियों का जिक्र है। सीसीटीवी व अन्य वीडियो से आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। बिहारीपुर में कोई झगड़ा या विवाद नहीं हुआ था। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
बाजार खुला, आईजी और कप्तान संग फोर्स ने की गश्त
शुक्रवार को मौलाना तौकीर रजा के गिरफ्तारी के आह्वान की वजह से बंदी जैसा माहौल रहा। शाम को बिहारीपुर की ओर से आई भीड़ ने श्यामगंज व सैलानी बाजार में तोड़फोड़ की थी। इससे माहौल गरमा गया था। कुछेक दुकानें भी बंद हो गई थीं। रातभर पुलिस इलाके में गश्त करती रही। शनिवार सुबह दुकानें पूरी तरह खुल गईं।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने पुलिस के साथ घूमकर दुकानें खोलने का आह्वान किया। कहा कि माहौल पूरी तरह ठीक है। लोग खुद को सुरक्षित समझकर नियमित तरीके से काम करें। दोपहर में श्यामगंज बाजार पूरी तरह खुला रहा। यहां तक कि कुछ इलाकों में जाम भी लगा। एहतियात के तौर पर रविवार को भी जगह-जगह पुलिस तैनात रही।
सैलानी इलाके में भी अधिकतर दुकानें खुली रहीं। यहां कुछ जगह पिकेट लगाकर पुलिस निगरानी करती रही। बाजार में पूरी रौनक रही। दोपहर बाद आईजी डॉ. राकेश सिंह, एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, एसपी सिटी राहुल भाटी ने पुलिस व पीएसी के साथ इलाके के प्रमुख रास्तों व गलियों में गश्त की। अधिकारियों ने लोगों से शुक्रवार की घटना को लेकर भी बात की। कहा कि किसी तरह का खतरा नहीं है। कोई असामाजिक गतिविधि दिखे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।