बरेली के शाही क्षेत्र में नकबजनी कर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी दिल्ली भागने की फिराक में थे। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।
बरेली में शाही थाना पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले कस्बा शाही में 25 लाख रुपये की चोरी हुई थी। दोनों बदमाशों ने यह चोरी करना कबूल की। दोनों के पास तमंचे भी बरामद हुए, एक सुनार को भी गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
थाना प्रभारी राजेश कुमार बैंसला ने बताया कि पुलिस टीम रात में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शातिर चोर इमरान अपने साथी के साथ चोरी के जेवर बेचकर मिले रुपये लेकर मोटरसाइकिल से दिल्ली जाने की फिराक में है। पुलिस टीम ने बीएसएनएल चौराहे के पास घेराबंदी की। मोटरसाइकिल को रुकने का संकेत देने पर अभियुक्त भागने लगे।
इमरान के दाहिने पैर में लगी गोली
शाही-मिर्जापुर रोड पर श्मशान के पास कच्चे रास्ते में मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। दोनों अभियुक्त भागने लगे एवं पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें एक अभियुक्त इमरान के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों अभियुक्तों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। इमरान को गोली लगने के कारण अस्पताल भेजा गया। आरोपियों की जेब से नोटों की गड्डियां मिली हैं। कुल तीन लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है।