चौकी प्रभारी ने सुविधा के अनुसार दिखाया गुडवर्क
चौकी चौराहा पुलिस चौकी प्रभारी ने इस मामले में सुविधा के अनुसार गुडवर्क दिखाया। दरअसल बीसलपुर निवासी अरुण कुमार रामपुर गार्डन में एक निजी अस्पताल के कर्मचारी हैं। 24 जुलाई को अस्पताल के सामने वह मोबाइल पर बात कर रहे थे, तभी बाइक सवार दो बदमाश उनका मोबाइल छीन ले गए। अरुण अपने पिता के साथ कोतवाली पहुंचे। उनके पास घटना का सीसीटीवी फुटेज भी था। पता लगा कि घटनास्थल चौकी चौराहा चौकी क्षेत्र है।
वह चौकी प्रभारी नितिन राणा से मिले तो उन्होंने कहा कि मोबाइल गुम होने की सूचना लिखवाकर रख ली। पुलिस ने फुटेज की मदद से राज और रितेश को गिरफ्तार कर लिया। इस बार गुडवर्क बड़ा करने को चौकी प्रभारी ने अरुण कुमार से बाइक सवारों की ओर से मोबाइल छीनने और विरोध पर चाकू से हमला करने की नई तहरीर लिखवाकर रिपोर्ट लिख ली। हालांकि पीड़ित का कहना था कि फुटेज में साफ है कि मोबाइल केवल लूटा गया है। अब उन्हें मोबाइल लेने के लिए कोर्ट के चक्कर भी काटने होंगे।