आरपीएफ बरेली सिटी और हाफिजगंज पुलिस ने शुक्रवार को संयुक्त कार्रवाई के दौरान बेचने को लाई गई रेलवे की इलेक्ट्रिक कॉपर केबल बरामद कर ली। मौके से कबाड़ी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद केबल की कीमत 16 लाख रुपये बताई जा रही है।
शुक्रवार रात 8 बजे चौकी इंचार्ज रिठौरा नवीन कुमार को सूचना मिली कि रिठौरा में एक कबाड़ी की दुकान पर लोडर वाहनों से रेलवे की कॉपर केबल उतारी जा रही है। उन्होंने थाना प्रभारी चेतराम वर्मा और आरपीएफ बरेली सिटी आरपीएफ प्रभारी एनके मीना को सूचना दी। इसके बाद आरपीएफ और थाना पुलिस ने रिठौरा में कबाड़ी की दुकान से दो लोडर वाहनों में 16 लाख रुपये की कॉपर केबल बरामद कर ली। इसमें भोजीपुरा रेल लाइन से चोरी की गई कॉपर केबल भी शामिल है।
आरपीएफ और पुलिस ने रिठौरा निवासी कबाड़ी रिजवान समेत वहीद अहमद और पीर मुहम्मद को मय लोडर वाहनों के हिरासत में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक चेतराम वर्मा ने बताया कि हिरासत में लिए गए कबाड़ी और दो अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। शनिवार को आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।