हाईवे किनारे खड़ी दुर्घटनाग्रस्त कार
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के फरीदपुर में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर गलत दिशा से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में कार डिवाइडर से टकरा गई, जिससे कार में आग लग गई। कार में दंपती और उनके दो पालतू कुत्ते फंस गए। राहगीरों ने कार के दरवाजे तोड़कर उनकी जान बचाई। वहीं सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक लखनऊ के इंदिरा नगर निवासी धर्मेंद्र गुप्ता व उनकी पत्नी प्रीति बृहस्पतिवार रात कार से मेरठ जा रहे थे। धर्मेंद्र गुप्ता बैंक में कर्मचारी हैं। रात करीब 12 बजे उनकी कार फरीदपुर पहुंची। इसी दौरान हाईवे पर गलत दिशा से ट्रक आ रहा था। सामने से ट्रक आता देख धर्मेंद्र ने बचाने का प्रयास किया, जिससे अनियंत्रित हुई कार डिवाइडर से टकरा गई।
ये भी पढ़ें-
Bareilly: भाजपा की नगर पंचायत अध्यक्ष के पति समेत सात गिरफ्तार, आधी रात में ग्रामीणों ने पकड़ा; ये है मामला
टक्कर होते ही कार से चिंगारी निकलने लगी और आग लग गई। कार के अंदर दंपती और उनके पालतू कुत्ते फंस गए। कार से लपटें निकलता देख राहगीरों ने दरवाजे तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद कार आग का गोला बन गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची फायर बिग्रेड ने आग बुझाई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया है।