फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: आंधी के पांच दिन बाद भी सड़कों पर लटक रहे खंभे और तार

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। शहर में बुधवार रात आई आंधी के पांच दिन बाद भी हालात सामान्य नहीं हो सके हैं। कई इलाकों में बिजली के खंभे और तार सड़कों पर लटक रहे हैं। कुछ जगहों पर पेड़ अब भी गिरे पड़े हैं। इन लटकते खंभों व तारों की वजह से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। समय से बिजली लाइनों की मरम्मत नहीं होने और पेड़ों को नहीं हटाए जाने से लोगों में संबंधित विभागों के प्रति नाराजगी है।
विज्ञापन

आंधी के दौरान जिले में 500 से अधिक खंभे, 30 ट्रांसफार्मर, 200 से अधिक पेड़ धराशाई हुए थे। सर्वाधिक नुकसान शहरी क्षेत्र में हुआ था। पूरे शहर की आपूर्ति बहाल करने में दो दिन से अधिक का समय लग गया। किसी तरह लाइनें तो चालू कर दी गईं, लेकिन सड़कों पर लटक रहे तारों और खंभों को दुरुस्त नहीं किया जा सका।
संजयनगर बाजार में खंभे समेत तार लटक रहा है। निचला हिस्सा जर्जर होने के कारण पोल झुक गया है, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। इस मार्ग से रोजाना करीब 10 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। स्टेडियम रोड पर मार्बल की दुकान के सामने तार लटक रहा है। इससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है।
विज्ञापन

डीडीपुरम व डेलापीर के बीच एकता कॉलोनी के द्वार पर ही खंभा व तार खतरनाक ढंग से लटक रहा है। इसके बाद भी उसमें लाइन चालू है। तार इतने नीचे आ गया है कि कभी भी दुर्घटना हो सकती है। शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। डेलापीर रोड पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के घर के पास सड़क पर गिरे खंभे व पेड़ को काटकर आवागमन व लाइट को चालू कर दिया गया है। फिर भी नीचे तक लटकते तार खतरे को आमंत्रण दे रहे हैं।
आवास विकास का साइन बोर्ड भी लटक रहा
डेलापीर रोड पर आवास विकास का बड़ा सा साइन बोर्ड आंधी के चलते लटक गया है। यह कभी भी गिर सकता है। जिम्मेदार इसकी सुध नहीं ले रहे हैं। अगर यह किसी वाहन या राहगीर के ऊपर गिरा तो हादसा होना तय है।
नगर निगम ने नहीं हटाया पेड़
लल्ला मार्केट में बाबा ट्रांसपोर्ट वाली गली में पेड़ गिर गया है। नगर निगम व वन निगम पांच दिन बाद भी इसे नहीं हटा सके। इससे यहां आने-जाने वाले लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। चार पहिया वाहनों को आधा किमी दूर से घूमकर जाना पड़ रहा है। यहां से किसी तरह पैदल व बाइक वाले ही निकल पा रहे हैं।
वर्जन
विद्युत निगम की तरफ से सभी लाइनों को दो दिनों के अंदर चालू कर दिया गया। अब कहीं कोई समस्या नहीं है। अगर कहीं तार व खंभे लटक रहे हैं तो उसको भी ठीक करा दिया जाएगा। - ज्ञान प्रकाश, मुख्य अभियंता, विद्युत वितरण खंड प्रथम
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें