पीएम ने हल्द्वानी जाने के लिए किया चेंजओवर।
त्रिशूल एयरबेस से सड़क मार्ग से भी हल्द्वानी ले जाने की कर ली गई तैयारी पर हेलिकॉप्टर से रवाना हुए
बरेली। सुबह से घना कोहरा होने की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान त्रिशूल एयरबेस पर करीब 50 मिनट की देरी से उतरा। यहां भी दृश्यता काफी कम होने की वजह से दोपहर साढ़े 12 बजे प्रधानमंत्री को सड़क मार्ग से हल्द्वानी ले जाने की तैयारी शुरू कर दी गईं लेकिन फिर 12:50 बजे हेलिकॉप्टर से ही प्रधानमंत्री हल्द्वानी रवाना हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हल्द्वानी में जनसभा के लिए दोपहर 12 बजे विमान से बरेली त्रिशूल एयरबेस पर पहुंचना था। यहां चेंजओवर कर उन्हें हेलिकॉप्टर से हल्द्वानी जाना था। सुबह से घना कोहरा होने की वजह से दिल्ली से उनका विमान देरी से उड़ान भर सका। इस वजह से प्रधानमंत्री 50 मिनट देरी से 12:50 बजे त्रिशूल एयरबेस पहुंच सके। यहां बमुश्किल पांच मिनट रुके प्रधानमंत्री का विधायकों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद वह हेलिकॉप्टर से हल्द्वानी रवाना हो गए।
इससे पहले 12 बजे तक दृश्यता काफी कम रहने से वायुसेना की ओर से पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने सड़क मार्ग से प्रधानमंत्री को हल्द्वानी ले जाने की तैयारी करने का सुझाव दिया था। दोपहर साढ़े 12 बजे इस पर हलचल भी शुरू हो गई। प्रधानमंत्री के काफिले को निकालने के लिए एयरफोर्स स्टेशन के मेन गेट के साथ नैनीताल रोड गेट की ओर भी तैयारियां शुरू कर दी गईं।