फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly: आंवला में विपक्ष पर जमकर बरसे पीएम मोदी, मंगलसूत्र से लेकर आरक्षण तक का जिक्र; पढ़ें खास बातें

Thu, 25 Apr 2024 04:43 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला नेटवर्क, बरेली

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को आलमपुर जाफराबाद के सैनिक मैदान में जनसभा को संबोधित किया। उनके निशाने पर सपा और कांग्रेस ही रही। प्रधानमंत्री ने कहा कि दो शहजादों की जोड़ी देखिए। यूपी में सपा के शहजादे की जब सरकार थी, तब यहां कर्फ्यू लगते थे। माताएं-बहने गहनें, मंगलसूत्र पहनकर खुलेआम नहीं निकलती थीं। कांग्रेस के शहजादे अब एक्सरे मशीन लगाकर मंगलसूत्र को छीनने की घोषणा कर रहे हैं। 
विज्ञापन
पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को विपक्ष की घेराबंदी करते हुए कहा कि मातृशक्ति के स्त्रीधन पर कांग्रेस और सपा की नजर पड़ गई है। इनकी नियत ठीक नहीं है और यह मंगलसूत्र तक छीनने की बात करते हैं। पिछली सरकारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं इनकी सरकार में मंगलसूत्र छिपा कर चलती थीं, अब इसे भी छीनने की घोषणा करेंगे।

विज्ञापन


आंवला लोकसभा क्षेत्र के आलमपुर स्थित सैनिक मैदान में दूसरे चरण के मतदान के लिए पहली चुनावी रैली में पीएम मोदी ने आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष पर भी पलटवार किया और कहा कि ओबीसी, एससी और एसटी के आरक्षण का एक हिस्सा कांग्रेस अपने एक खास वोट बैंक को देने की तैयारी में है। कांग्रेस का खतरनाक पंजा आपका हक छीनने वाला है और सपा भी इस मामले में चुप्पी साध रखी है। उन्होंने वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनाव की याद दिलाई और कहा कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले यूपीए सरकार ने धर्म के नाम पर आरक्षण देने का प्रयास किया था, मगर वे सफल नहीं हो पाए थे।

सैम पित्रोदा के बयान पर पलटवार 
कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के बयान पर पलटवार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनका नारा हम सबके लिए चिंता वाला है। कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि आपकी संपत्ति का एक्सरे निकाला जाए। घर, गाड़ी, सोना सहित सभी संपत्तियों का सर्वे कराएगी ताकि आपकी संपत्ति का हिस्सा अपने चहेते वोट बैंक को दे पाए। पीएम ने कहा कि कांग्रेस संस्थाओं और सरकारी कार्यालयों का भी सर्वे कराएगी, इसमें एक परिवार के दो लोग नौकरी में होंगे तो एक को हटा दिया जाएगा।

विज्ञापन

'कांग्रेस ऐसा टैक्स लगाएगी कि जब्त हो जाएगी संपत्ति'
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ऐसा टैक्स लगाने की फिराक में है कि आपकी संपत्ति जब्त हो जायेगी। मृत्यु के बाद आपकी संपत्ति बच्चों को नहीं मिलेगी। ऐसा टैक्स लगाएंगे की, अगर आपके पास चार कमरे हैं तो दो कमरे कांग्रेस-सपा दबोच लेंगी। दस बीघा जमीन में पांच बीघा पर कब्जा कर लेंगे और यह अपने चहेते वोट बैंक को देंगे। उन्होंने महिलाओं की नब्ज पर हाथ धरते हुए कहा कि मातृशक्ति जो अपने बच्चों और आने वाली पीढ़ी के लिए घर, सोना-चांदी बना रही हैं, उस कांग्रेस सपा की नजर पड़ गई है।

सीएम योगी की तारीफ की 
उन्होंने कहा कि आज यूपी की पहचान नए अवसरों के तौर पर बन रही है। सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी का भाग्य बदल रहा है। यूपी के सांसद के नाते मेरे लिए भी ये गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पहले आपके हक का पैसा भ्रष्टाचारी लूट लेते थे। आज बरेली और बदायूं के किसानों को ही पीएम किसान सम्मान निधि के 600 करोड़ रुपए मिल चुके हैं। ऐसा काम तब होता है जब विकास सर्वोपरि होता है। मोदी ने कहा कि 2024 का ये चुनाव... एक हजार वर्ष की गुलामी की मानसिकता से मुक्त करने का चुनाव है। ये चुनाव भारत के स्वाभिमान को नई बुलंदी देने वाला चुनाव है। 
विज्ञापन

सपा-कांग्रेस पर बरसे 
उन्होंने कहा कि दस साल पहले सपा और कांग्रेस वाले कहते थे कि ये भाजपा वाले बड़ी बड़ी बातें करते हैं। राम मंदिर के नाम पर चिढ़ाते थे। गाली देते थे। आपके आशीर्वाद से रामलला का मंदिर बनवाया। तारीख और समय भी बताया और निमंत्रण भी दिया। इतना बड़ा अवसर था, फिर भी उनका अहंकार इतना था कि सपा और कांग्रेस दोनों को राम मंदिर का निमंत्रण घर जाकर दिया था, उसे भी ठुकरा दिया था। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी में सपा के ठेकेदार जो खुद को यदुवंशी बताते हैं, ऐसे सपा के परिवारवादी... वो भी श्रीकृष्ण की बेइज्जती करने वालों की आरती उतार रहे हैं। सपा-कांग्रेस का इंडी गठबंधन तुष्टिकरण के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। कांग्रेस का इरादा है कि ओबीसी का आरक्षण छीन कर उनके खास पसंद वालों को दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी के इन इरादों पर सपा के शहजादे ने भी चुप्पी साध रखी है, यानी उनका कांग्रेस के इस इरादे पर पूरा-पूरा समर्थन है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें