आज भी बंद रहेगा भारी वाहनों का आवागमन
भमोरा के आलमपुर जाफराबाद में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम की वजह से बदायूं रोड पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अन्य रास्ते भी इससे प्रभावित रहेंगे। एसएसपी के निर्देश पर एसपी यातायात ने यह व्यवस्था लागू कर दी है।
इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
- दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर की तरफ से बरेली होकर बदायूं जाने वाले भारी वाहन मिलक से ही शाहाबाद होते हुए बदायूं जा सकेंगे।
- लखनऊ, शाहजहांपुर की तरफ से बरेली होकर बदायूं जाने वाले भारी वाहन शाहजहांपुर से ही कांठ व जलालाबाद होते हुए बदायूं जाएंगे।
- पीलीभीत की ओर से बदायूं जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाइपास होते हुए झुमका मीरगंज, मिलक, शाहाबाद होते हुए बदायूं जाएंगे।
- बदायूं से बरेली होते हुए दिल्ली की तरफ जाने वाले भारी वाहन शाहाबाद होते हुए दिल्ली जा सकेंगे।
- बदायूं से बरेली आने वाले भारी वाहन शाहाबाद, मिलक होते हुए झुमका बडा बाईपास से बरेली आएंगे।
- बदायूं से बरेली आने वाली रोडवेज, निजी बस थाना फतेहगंज पूर्वी से बडा बाइपास, इन्वर्टिस, सेटेलाइट होते हुए बरेली आ सकेगी।- बरेली से बदायूं जाने
वाली रोडवेज, निजी बस सेटेलाइट, इन्वर्टिस, बड़ा बाइपास, फतेहगंज पूर्वी से बदांयू-दातागंज मार्ग से होते हुए बदायूं जा सकेगी।
- बदायूं से लखनऊ जाने वाले भारी वाहन बदायूं, जलालाबाद, कांठ, शाहजहांपुर होते हुए जाएंगे।
शाहजहांपुर हाईवे और फरीदपुर-बुखारा रोड भी रहेगा प्रभावित
प्रधानमंत्री मोदी भमोरा में जनसभा करने के बाद हेलिकॉप्टर से शाहजहांपुर जिले में जनसभा करने जाएंगे। वहां से वापस बरेली में त्रिशूल एयरबेस आकर विशेष वायुयान से दिल्ली चले जाएंगे। बावजूद एहतियात के तौर पर सड़क मार्ग से प्रधानमंत्री के आवागमन की तैयारी भी की जा रही है। ऐसे में बरेली से शाहजहांपुर हाईवे व रामगंगा के पास से बुखारा फरीदपुर मार्ग को भारी वाहनों के लिए बंद किया जा सकता है जिसमें रोडवेज बसें भी शामिल होंगी।