बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के परसोना मोड़ पर स्थित प्लाइवुड गोदाम बिना एनओसी के चल रहा था। अग्निशमन विभाग की टीम ने शुक्रवार को यहां जांच-पड़ताल के दौरान गोदाम स्वामी सतीश अग्रवाल और दीपांशु अग्रवाल से भी पूछताछ की। वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सीएफओ मनु शर्मा ने बताया कि गोदाम स्वामी को नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परसोना मोड़ पर बुधवार रात प्लाइवुड गोदाम में भीषण आग लग गई थी। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग को बदायूं के साथ-साथ वायुसेना स्टेशन और इफको आंवला प्लांट से भी फायर टेंडर बुलाने पड़े। 14 फायर टेंडर ने तीन घंटे में बमुश्किल आग पर काबू पाकर आसपास के गोदामों व बस्ती को नुकसान पहुंचने से बचाया। अब तक आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
गोदाम स्वामी ने पूछताछ में बताया कि वह शाम पांच बजे चला गया था और रात आठ बजे के बाद आग लगी। सीएफओ ने बताया कि गोदाम अग्निशमन विभाग के नियमों के अनुसार नहीं है। जांच में वहां अग्निशमन की कोई व्यवस्था नहीं पाई गई है।
गोदाम स्वामी के पास अग्निशमन विभाग की एनओसी भी नहीं है। उसको नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद