बरेली। औरंगाबाद में रेलवे लाइन पर सो रहे श्रमिकों के मालगाड़ी से कटने की घटना को लोग अभी भूले नहीं हैं कि ऐसा ही हादसा मंगलवार को बरेली में होने से बच गया। दरअसल, कई लोग रेलवे ट्रैक पर बैठकर जुआ खेल रहे थे। इसी बीच वहां पहुंची मालगाड़ी के ड्राइवर की नजर इन लोगों पर पड़ी तो उसने तुरंत रेलवे कंट्रोल मुरादाबाद को मेसेज दिया। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर आरपीएफ मौके पर पहुंची तो जुआरी भाग गए।
लॉकडाउन में सवारी गाड़ियां बंद हैं, लेकिन मालगाड़ियां आ जा रही हैं। मंगलवार दोपहर बाकरगंज के पास अप लाइन (लखनऊ से मुरादाबाद की ओर) पर बैठकर कई लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान डाउन लाइन पर मुरादाबाद की ओर मालगाड़ी आ रही थी। ड्राइवर ने दूर से ही कई लोगों को ट्रैक पर बैठे देखा तो हार्न दिया, लेकिन लोग फिर भी पटरी से नहीं हटे। इस पर ड्राइवर ने ट्रेन रोक दी और रेलवे कंट्रोल मुरादाबाद को सूचना दे दी। वहां से जंक्शन पर स्टेशन मास्टर कार्यालय को मेसेज मिला तो आरपीएफ इंस्पेक्टर विपिन सिसौदिया दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। आरपीएफ को देखकर जुआरी भाग गए। गौरतलब है कि आला अफसरों के लगातार निर्देशों के बाद भी आरपीएफ पटरियों की निगरानी नहीं कर रही है। हालांकि आरपीएफ इंस्पेक्टर पटरियों की लगातार निगरानी करने की बात कह रहे हैं।