खेल शिक्षक न होने पर अपने दम पर कर रहे तैयारी
बरेली। माध्यमिक विद्यालयों के कई विद्यार्थी अव्यवस्थाओं से जूझकर खेलों में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। विद्यालयों में खेल शिक्षक न होने के बावजूद पांच खिलाड़ी इस वर्ष राज्य स्तर तक चमक बिखेर चुके हैं।
दमखोदा की रहने वाली 10वीं की छात्रा सान्या ने टेबल टेनिस व एथलेटिक्स में अच्छा प्रदर्शन किया है। विद्यालय की कनिष्का, रोशनी और सान्या टीम बनाकर टेबल टेनिस में स्टेट लेवल तक खेल चुकी है। मंडल में अकेले सान्या ने एथलेटिक्स में गोला व चक्का फेंक में गोल्ड जीता है।
10वीं के ही दीपेश भी टेबल टेनिस में स्टेट लेवल पर अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा कक्षा 10 की छात्रा अनामिका जूडो और कुश्ती दोनों में स्टेट लेवल पर भाग ले चुकी हैं। इसी वर्ष कुश्ती में भी उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया।
प्रधानाचार्य अनीता सक्सेना ने बताया ये सभी छात्र ग्रामीण परिवेश से आते हैं। इनके पिता या तो खेती करते हैं, या फिर मजदूर हैं। इन्हें अगर सही से प्रशिक्षण मिले तो ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। संवाद