स्मैक तस्कर प्रधान शहीद खां उर्फ छोटे। अमर उजाला
बरेली। पढ़ेरा गांव के प्रधान स्मैक तस्कर शहीद खां उर्फ छोटे पर पुलिस शिकंजा और कड़ा करने की तैयारी कर रही है। उसके खिलाफ पिट एनडीपीएस (स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम, 1988) की कार्रवाई के लिए शासन को फाइल भेज दी गई है।
बता दें कि पिछले दिनों फतेहगंज पूर्वी के गांव पढ़ेरा के प्रधान शहीद खां उर्फ छोटे को 20 किलो स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसके समेत नौ लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था लेकिन जांच के बाद उसके गैंग, परिवार वाले और रिश्तेदारों समेत 25 लोग मुकदमे में नामजद किए गए। अब उसके खिलाफ पिट एनडीपीएस की कार्रवाई की तैयारी है। यह कार्रवाई होने के बाद वह लंबे समय तक जेल से नहीं आ सकेगा। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने इसकी संस्तुति कर दी है। अब यह फाइल डीएम और कमिश्नर होकर शासन तक पहुंचेगी। शासन से ही इस पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। इसके बाद प्रधान का जेल से निकलना मुश्किल हो जाएगा।