बरेली। खुसरो डिग्री कॉलेज स्थित खलीफा क्रिकेट एकेडमी में आयोजित कॉर्पोरेट क्रिकेट लीग में पीलीभीत किंग्स ने न्यू क्रिकेट क्लब पर सात विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। कप्तान जुबैर अशरफ को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यू क्रिकेट क्लब की टीम ने 19.1 ओवर में 210 रनों का स्कोर खड़ा किया। रोहित कुमार ने महज 35 गेंदों में 10 चौकों और चार छक्कों की मदद से 81 रनों की बेहतरीन पारी खेली। पीलीभीत किंग्स के लिए इमरोज ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। क्रांति और समीर को दो-दो सफलताएं मिलीं।
पीलीभीत किंग्स की टीम ने दमदार शुरुआत की और 19 ओवर में महज तीन विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। टीम की जीत के सूत्रधार कप्तान जुबैर अशरफ रहे, जिन्होंने 62 गेंदों में 14 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 102 रनों की शतकीय पारी खेली। क्रांति ने 55 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
न्यू क्रिकेट क्लब की तरफ से गौरव यादव और आलम को एक-एक विकेट मिला, लेकिन उनके अन्य गेंदबाज महंगे साबित हुए। टूर्नामेंट के सचिव रियाज अफरीदी ने बताया कि लीग का अगला मुकाबला पीलीभीत किंग्स और हिरमान इलेवन के बीच खेला जाएगा।