बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम के शौचालय में शुक्रवार को रोशनदान के ऊपर इस्तेमाल की गई सिरिंज और इंजेक्शन की खाली शीशियां मिलीं। इसको लेकर डोपिंग की आशंका है। यह शौचालय नशे का केंद्र बनता जा रहा है। पिछले वर्ष दिसंबर और इसी साल मार्च में भी यहां सिरिंज व खाली शीशियां मिल चुकी हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
शौचालय के तीनों रोशनदानों पर 20 से अधिक इस्तेमाल की गई सिरिंज और इंजेक्शन की शीशियां छुपाई गई हैं। पहले जब इसी शौचालय से भारी मात्रा में इस्तेमाल की गई सिरिंज बरामद हुई थीं, तब खेल विभाग के अधिकारियों ने यहां सफाई कराकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया था।
समस्या की जड़ तक पहुंचने की कभी जहमत नहीं उठाई गई। इसी का परिणाम है कि कुछ ही महीनों के भीतर हालात फिर से पहले जैसे हो गए हैं। स्टेडियम में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी, क्रीड़ा अधिकारी और उप क्रीड़ा अधिकारी तैनात हैं। बावजूद परिसर के भीतर इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियां धड़ल्ले से चल रही हैं।
गंदगी का अंबार, आसपास उग आईं झाड़ियां
स्पोर्ट्स स्टेडियम में रोजाना 100 से अधिक एथलीट और विभिन्न आयु वर्ग के लोग अभ्यास के लिए पहुंचते हैं। मैदान के पास बने शौचालय की मौजूदा स्थिति बदहाल है। शौचालय के अंदर चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। फर्श पर काई जमी है। आसपास बड़ी-बड़ी झाड़ियां उगी हुई हैं।
वर्जन
यह गंभीर मामला है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी से इस बारे में जानकारी ली जाएगी। यहां बड़ी संख्या में खाली सिरिंज व शीशियां पड़ी होने की वजह तलाशकर कार्रवाई होगी। - अविनाश सिंह, डीएम