डीएम से शिकायत करने पहुंची छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
रोजा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) छात्राओं से वसूली और उनके शारीरिक शोषण को लेकर विवाद में घिर गया है। मामला सामने आने के बाद डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच सिटी मजिस्ट्रेट वनिता सिंह को दी है। छात्राओं का आरोप है कि आईटीआई स्टाफ उनसे प्रैक्टिकल और एग्जाम में पास कराने के लिए न सिर्फ रुपये वसूल रहा है बल्कि उनका शारीरिक शोषण भी किया जा रहा है। छात्राओं के इन गंभीर आरोप के बाद आईटीआई समेत प्रशासन में भी खलबली है।
रोजा स्थित आईटीआई में छात्र-छात्राएं दोनों ही तकनीकी शिक्षा ग्रहण करते हैं। इन दिनों आईटीआई में कई ट्रेड की परीक्षाएं और प्रैक्टिकल चल रहे हैं। प्रैक्टिकल के लिए एग्जामनर दूसरे आईटीआई से भी बुलाए जा रहे हैं। शनिवार को आधा दर्जन से ज्यादा आईटीआई की छात्राएं कलक्ट्रेट पहुंचीं। छात्राओं ने डीएम इंद्र विक्रम सिंह से मुलाकात की।
आरोप लगाया कि आईटीआई में प्रैक्टिकल के बदलने उनसे रुपयों की मांग की जा रही है। इतना ही नहीं शारीरिक शोषण भी किया जा रहा है। हालांकि, छात्राओं ने किसी व्यक्ति विशेष का नाम नहीं लिया है। छात्राओं का आरोप है कि शारीरिक शोषण का विरोध करने पर उनको फेल और भविष्य खराब करने की धमकी दी जा रही है। इसकी शिकायत प्रधानाचार्य राम प्रकाश से भी की, लेकिन उन्होंने गंभीरता से नहीं लिया। छात्राओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने पूरे प्रकरण में जांच सिटी मजिस्ट्रेट वनिता सिंह को सौंप दी है।
छात्राओं ने प्रैक्टिकल के नाम पर वसूली के साथ शारीरिक शोषण के आरोप लगाए हैं। पूरे प्रकरण में जांच सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपी गई है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- इंद्र विक्रम सिंह, डीएम
सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से छात्राओं की शिकायत सुनने में आई है। छात्राओं ने शिकायत में किसी कर्मचारी या शिक्षक का नाम नहीं बताया है। जांच कराई जा रही है। शिकायत करने वाली ज्यादातर छात्राओं का सत्र पूरा हो चुका है। यह पुवायां आईटीआई की हैं।
- राम प्रकाश, प्रधानाचार्य आईटीआई
मामले में जांच की जा रही है। छात्राओं की जो शिकायत है उसमें किसी व्यक्ति विशेष पर आरोप नहीं है। जांच पूरी होने से पहले ज्यादा कुछ कहना मुश्किल होगा।
- वनिता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट