बरेली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि कांग्रेस व इंडी गठबंधन के एजेंडे में पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनूसूचित जनजाति का हक छीनकर एक वर्ग विशेष को देना है। यह मजहबी आरक्षण देकर गरीबों, पिछड़ों और अनुसूचित जातियों के हक को लूटने की मंशा रखते हैं। कर्नाटक में इंडी गठबंधन ने इसकी शुरुआत भी कर दी है। प्रदेश की जनता को इसे समझना होगा। इस बार इनका बोरिया-बिस्तर समेट कर इनको घर लौटा देना है।
डीडीपुरम स्थित भाजपा के मीडिया सेंटर के शुभारंभ के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा के समर्थन वाली यूपीए सरकार ने सच्चर कमेटी की रिपोर्ट के माध्यम से यह दावा किया था कि देश में मुस्लिमों की स्थिति दलितों से भी दयनीय है। इससे साफ है कि कांग्रेस मुस्लिम आरक्षण के लिए लंबे समय से पृष्ठभूमि तैयार कर रही थी।
उन्हाेंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार ने कानून को बदलकर एएमयू, जामिया-मिलिया जैसे संस्थानों में पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और जनजाति के आरक्षण को भी समाप्त किया। वर्ष 2014 के चुनावी घोषणापत्र में भी कांग्रेस ने यही सब बातें कही थीं और 2024 में भी फिर वही वादे कर रही है।
इस दौरान वन मंत्री डॉ अरुण कुमार सक्सेना, भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार, जिला प्रभारी चौधरी देवेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, मेयर उमेश गौतम, मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी व बंटी ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।