बेवजह घूम रहे लोगों से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
गली के बाहर मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों ने सिपाही को बचाया
बरेली। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन का लोग जमकर उल्लंघन कर रहे हैं। सोमवार को चेकिंग के दौरान मुर्गे वाली गली में इकट्ठा भीड़ को एक सिपाही ने टोका तो लोगों ने उसे घेर लिया और हाथापाई करने लगे। वहां पास ही मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों ने सिपाही को वहां से निकाला। सूचना पर बारादरी इंस्पेक्टर टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो लोग भाग निकले। पुलिस अब वीडियो से उपद्रवियों की पहचान कर रही है।
शहर में लॉकडाउन और धारा 114 लागू होने के चलते पुलिस प्रशासन लगातार लोगों को घरों में रहने को कह रही है। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों को ताक पर रखते हुए मनमानी कर रहे हैं। पुलिस की सख्ती का भी इन पर कोई असर नहीं पड़ रहा। इतना ही नहीं सख्ती के दौरान कुछ मोहल्लों में पुलिस कर्मियों से अभद्रता भी की जा रही है। सोमवार को बारादरी क्षेत्र की मुर्गे वाली गली में कुछ सिपाही लॉकडाउन के दौरान चेकिंग करने पहुंचे तो वहां उन्हें बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा नजर आए। इनमें एक सिपाही अतुल गाड़ी से उतरकर गली में लोगों को समझाने पहुंचा तो वह लोग उग्र हो गए। यहां लाठी-डंडे लेकर मौजूद 50-60 लोगों की भीड़ ने उसे घेर लिया। महिलाएं भी मौजूद थीं। गालीगलौज करते हुए लोग सिपाही के साथ हाथापाई करने लगे। शोर सुनकर बाहर मौजूद अन्य सिपाही भी दौड़कर अंदर पहुंचे और अतुल को वहां से निकाला जा सका। यहां महिलाएं भी पुलिस कर्मियों से अभद्रता करती नजर आईं। एक पुलिस कर्मी ने इसका वीडियो भी बना लिया। इसकी सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर बारादरी नरेश कुमार त्यागी भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक सभी लोग गली का गेट बंद करके वहां से भाग निकले थे। पहली भी इसी गली में बड़ा सांप्रदायिक विवाद हो चुका है।