पंजाबपुरा में वकीलों वाली गली में रहने वाले विशाल सक्सेना ने एक माह पहले अपना पैतृक मकान दूसरे समुदाय की शबनम पत्नी रईस मियां को 20 लाख रुपये में बेच दिया था। पंजाबपुरा हिंदू बाहुल्य इलाका है। मोहल्ले के लोगों को जब इस बारे में पता लगा तो उन्होंने नाराजगी जताई। लोगों ने दूसरे समुदाय को मकान बेचने के विरोध में पिछले दिनों प्रदर्शन भी किया। कोई कार्रवाई न होने पर मोहल्ले के लोगों ने अपने घरों पर सामूहिक पलायन के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। इनका वीडियो और फोटो भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट कर दिए हैं।
अब यह फोटो और वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद मामला गरमाने लगा है। सोमवार को स्थानीय अभिसूचना इकाई ने भी मोहल्ले की टोह ली। पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को बैठाकर मामले का समाधान करने में जुटी हुई है।
किला थाना क्षेत्र के मोहल्ला पंजाबपुरा में वकीलों वाली गली में मकानों पर पलायन संबंधी पोस्टर चस्पा किए जाने की सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही है। जांच में सामने आया है कि मोहल्ले एक युवक ने अपना मकान दूसरे समुदाय की महिला को विक्रय कर दिया था। दूसरे पक्ष के लोग इसका विरोध कर रहे हैं। दोनों पक्षों से बात की गई है। वह प्रकरण के निस्तारण को लेकर सहमत हैं। -संदीप सिंह, सीओ द्वितीय