परामर्श समिति की बैठक में हिस्सा लेते इज्जतनगर मंडल के डीआरएम आशुतोष पंत।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक में उठा मामला, अंडरपास बनाने की मांग
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक में रेलवे की ओर से बरेली-कासगंज रेल खंड पर क्रॉसिंग नंबर 260 बी को बंद कर दिए जाने पर आपत्ति जताई गई। कहा गया कि यह क्रॉसिंग बंद होने से 20 से ज्यादा गांवों के लोगों की दिक्कत बढ़ गई है, लिहाजा यहां अंडरपास बनाया जाए।
सत्र 2021-22 की मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत की अध्यक्षता में हुई पहली ऑनलाइन बैठक में बरेली के नेमचंद्र मौर्य ने क्रॉसिंग नंबर 260बी को बंद करने पर आपत्ति की। बागेश्वर के ललित फर्स्वाण ने स्पेशल ट्रेनों के बजाय पहले की तरह ट्रेनों को नियमित संचालन शुरू करने की मांग की और काठगोदाम-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस में कैटरिंग सुविधा बहाल करने का सुझाव भी दिया। कासगंज के सतीश चंद्र गुप्ता ने सुझाव दिया कि कासगंज से मथुरा और बरेली के लिए ट्रेनें चलाई जाएं। क्रॉसिंग नंबर 310 और 250 सी पर अंडरपास भी बनवाने की मांग की। पीलीभीत के अश्वनी कुमार अग्रवाल ने टनकपुर-दिल्ली और पूर्णागिरी मेले के लिए ट्रेनें चलाने की मांग की।
रुद्रपुर के विकास शर्मा ने सुझाव दिया कि काठगोदाम-जम्मू के मध्य चलने वाली साप्ताहिक गरीब रथ एक्सप्रेस को रोज चलाया जाए। कायमगंज के सुनील सिद्धार्थ ने कानपुर-बरेली के मध्य सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग की। बदायूं के राजेश्वर पटेल ने सुझाव दिया कि बदायूं से दिल्ली, लखनऊ और कानपुर के लिए ट्रेन चलाई जाएं। बनबसा के सुभाष चंद्र थपलियाल ने टनकपुर से चलने वाली सभी गाड़ियों का ठहराव बनबसा में करने की मांग की।
समिति की सचिव एवं वरिष्ठ मंडल प्रबंधक नीतू ने कहा कि यह समिति जन आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करती है लिहाजा इसमें आए सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि ट्रैक पर अक्सर जानवरों के कटने से रेल प्रशासन को होने वाली असुविधा का जिक्र करते हुए सदस्यों से अपील की कि वे ग्रामीणों को जागरूक करें कि वे अपने जानवरों को खुला न छोड़ें।