बाहर से आए लोगों के बारे में पुलिस को 168 कॉल कीं
बरेली। कोरोना का खतरा भांपकर लोग अब जागरूक होने लगे हैं। दिल्ली व दूसरे शहरों से लौटने वाले अपने पड़ोसियों के बारे में पुलिस और यूपी 112 को लगातार शिकायतें कर रहे हैं। यूपी 112 के पास इसी तरह की 168 शिकायतें पहुंचीं। अधिकांश लोग आरोप लगा रहे हैं कि उनके पड़ोस में बाहर से आए लोगों को छुपा लिया गया है। ऐसे कई लोग अस्पतालों में भी भटकते रहे पर उनका चेकअप नहीं हो सका।
डेलापुर गौंटिया निवासी शख्स चार दिन पहले सऊदी अरब से आया है। उसके बारे में पड़ोसियों ने सीएमओ को सूचना दी कि इसका चेकअप करा लिया जाए। एसीएमओ रंजन गौतम ने टीम भेजी। परिवार ने टीम को यह कहकर लौटा दिया कि वह अभी आया ही नहीं है। ऐसे में पड़ोसियों को अपने संक्रमित होने का खतरा सता रहा है।
बाग अहमद अली में राजस्थान से मजदूरी करके लौटे चार लोग खुद ही अपना चेकअप कराना चाहते हैं। उन्होंने इस बारे में सिटी कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिला अस्पताल में छह घंटे रखने के बाद इन्हें मानसिक अस्पताल स्थित तीन सौ बेड के अस्पताल में जाने को कहा गया। दो घंटे वहां भी टहलाया गया पर चेकअप नहीं हो सका। निराश होकर यह लौट घर लौट गए। संजय नगर के एक शख्स ने पुलिस को कॉल की कि वह काफी प्रयास करके भी अपना चेकअप नहीं करा पा रहा है। वह बाहर से आया है और उसे डर है कि कहीं वह संक्रमित न निकले। फरीदापुर चौधरी में लखनऊ से आए शख्स से पड़ोसी सहमे हुए हैं। उन्हें डर है कि कहीं उन लोगों को भी संक्रमण न हो जाए।
90 लोगों ने खाना-राशन मांगा- पीआरवी को 112 पर कॉल कर लोगों ने भोजन व राशन की समस्या बताई। किसी ने कहा कि उसके घर में राशन नहीं है तो किसी ने काम बंद होने से गरीबी का वास्ता देकर भोजन मांगा। पीआरवी जिला प्रभारी ने बताया कि अधिकांश सूचनाएं फर्जी निकल रही हैं। जायज समस्याओं का पीआरवी ने समाधान कराया है।