बरेली। नाले की सफाई के मद्देनजर सुभाषनगर पुलिया से वाहनों का आवागमन बंद किए जाने से शुक्रवार को लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। लोग पांच किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाकर बदायूं रोड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचे। इस डायवर्जन से सबसे ज्यादा परेशानी सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और ड्यूटी पर निकलने वाले नौकरीपेशा लोगों को हुई। उन्हें जाम और लंबे रास्ते के कारण मुसीबत झेलनी पड़ी।
नाले की सफाई के लिए प्रशासन की ओर से इसे चार दिनों तक पुलिया को बंद रखने का निर्णय लिया गया था। यातायात डायवर्जन प्लान भी पहले ही जारी कर दिया गया था। बीते दिन स्थानीय लोगों और राहगीरों के हंगामे के बावजूद शुक्रवार सुबह पुलिया को बंद रखा गया। इससे पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। वैकल्पिक मार्गों पर अचानक वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनी रही। शाम को पुलिया को दोपहिया वाहनाें के लिए खोल दिया गया। इससे लोगों को राहत मिली। हालांकि, सफाई कार्य को देखते हुए आगामी दिनों में भी लोगों को संभलकर गुजरने की हिदायत दी गई है।