क्योलड़िया। क्षेत्र में 40 बीघा जमीन पर खेती के लिए कयोलड़िया थाना क्षेत्र और पीलीभीत सीमा क्षेत्र के लोग आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर आई पुलिस ने लोगों को पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया। चेतावनी दी कि सीमांकन होने तक इस जमीन पर कोई कब्जा करता है तो कार्रवाई की जाएगी।
पट्टेधारक मजदूर चमेली देवी, नेमचंद, रामेश्वर आदि ने बताया कि गांव अब्दला के समीप बह रही देवहा नदी के किनारे लगभग 100 बीघा जमीन है। इस जमीन में 60 बीघा जमीन पर गरीबों के पट्टे सरकार द्वारा किए गए हैं। बाकी जमीन खाली पड़ी है। साथ ही 14 किसानों की और कृषि योग्य भूमि वहां मौजूद है, लेकिन बाकी जमीन पर बृहस्पतिवार जिला पीलीभीत के गाजीपुर कुंडा के कई लोग खेती करवा रहे थे। लोगों ने विरोध करते हुए पुलिस को सूचना दी। इस पर तत्काल पीआरवी के साथ ही थाना प्रभारी वेद सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टरों से खेत पर जोत रहे लोगों को फटकार लगाई। उन्होंने बताया कि जब तक जमीन का सीमांकन न हो जाए, तब तक कोई भी एक दूसरे जमीन पर अपना कब्जा नहीं करेगा। ग्राम प्रधान राधेश्याम ने बताया कि यह जमीन ग्राम समाज की है। मेरे सामने ही इस जमीन का सीमांकन दो बार किया जा चुका है। संवाद