बरेली। दो दिनों से हो रही तेज बारिश ने जहां लोगों को बारिश से राहत दी है, वहीं नगर निगम के नाला सफाई और जलभराव से निपटने के दावों की हवा निकाल दी है।बदइंतजामी का आलम यह है कि जो सिल्ट नालियों से निकाली गई थी, वह उठान न होने से बारिश के दौरान फिर नालों में बह गई। उखड़ी सड़कों ने भी बारिश में परेशानी और बढ़ा दी है।
बानखाना, पुराना शहर, सीबीगंज समेत कई जगह बारिश से पहले नाला सफाई का काम चल रहा था। यहां सिल्ट नहीं उठाई गई थी। कई छोटी नालियां फिर से चोक हो गईं। शहर में बड़े नालों की सफाई के नाम पर भी खानापूर्ति की गई। इसके चलते जलभराव हुआ।
दुकानदारों का कहना है कि दुकान के ठीक सामने फैले कीचड़ और आ रही बदबू के कारण कई दिन तक व्यापार प्रभावित हुआ था। ग्राहक यहां रुकना ही नहीं चाहते थे। अब नाली में फिर से सिल्ट जाने से आने वाले दिनों में जलभराव की समस्या झेलनी होगी।
वहीं, तेज बारिश के बाद शहर भर में कई जगह सड़कें बुरी तरह उखड़ गई हैं। इससे राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। लगातार हो रही बारिश की वजह से शहर में चल रहे अधिकतर निर्माण कार्य पूरी तरह रुक गए हैं। नगर निगम के एक्सईएन राजीव राठी ने बताया कि जहां पर सिल्ट नहीं उठाई गई वहां पर टीम को भेजकर उठान कराया जाएगा। संवाद