बरेली में राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडेय को अपनी पीड़ा बताते हुए एक महिला रो पड़ी। इस पर पुष्पा पांडेय ने उसे गले लगाकर शांत कराया। उसकी समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
बरेली में राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडेय ने सोमवार को सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। इस दौरान एक महिला की समस्या सुनकर वह भावुक हो गईं। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला शाहबाद की उजरा ने शिकायती पत्र देकर बताया है कि उसके पति फहीम की नौ महीने पहले मौत हो गई थी। इसके बाद ससुराल वालों ने उसे घर में नहीं घुसने दिया। वह 12 वर्ष के बेटे के साथ मायके में रह रही है। आठ दिन पहले वह अपने घर गई तो देखा कि उसके मकान में जेठ ने ताला डालकर कब्जा कर लिया है।
विज्ञापन
इस बारे में जानकारी की कोशिश की तो परिवार के लोगों ने उसे पीटकर भगा दिया। पुलिस ने थाने में उसे दो दिन तक बैठाए रखा, लेकिन ससुराल वालों पर कार्रवाई नहीं की। इतना कहकर महिला व उसकी मां रोने लगीं। तब राज्य महिला आयोग की सदस्य ने गले लगाकर पीड़िता को शांत कराया। अपनी कार से उसे थाने भेजा और अधिकारियों को कॉल कर समस्या का तत्काल समाधान कराने के लिए कहा।
जागरूकता की कमी से साइबर ठगी के शिकार हो रहे लोग- पुष्पा
पुष्पा पांडेय ने कहा कि जागरूकता की कमी से लोग साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। किसी के झांसे में न आएं, न ही किसी से ओटीपी साझा करें। अनजान नंबर से आई कॉल पर विश्वास न करें। पहले अच्छे से समझ लें, फिर जवाब दें। ठगी हो जाए तो देर किए बिना 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे आपकी रकम बचने की संभावना रहती है।