सुभाषनगर के उपभोक्ताओं को रुला रही बिजली
बिजली कटौती से परेशान क्षेत्रवासियों ने एक दिन पहले उपकेंद्र में तड़के कीर्तन कर विरोध जताया। समस्या न सुलझने पर रात एक बजे डीएम आवास का घेराव किया, पर बिजली संकट दूर न हुआ। शनिवार को भी बिजली संकट बना रहा। एक बार फिर लोगों ने उपकेंद्र का रुख किया तो इस बार पुलिस ने उनको लाठियों का डर दिखाकर भगा दिया। अब उनकी समझ में नहीं आ रहा कि आखिर किससे शिकायत करें?
सुभाषनगर के पार्षद सौरभ कुमार ने बताया कि राजीव कॉलोनी, पटेल विहार, तिलक कॉलोनी, दामोदरपुरम, सर्वोदय नगर, पुरानी चांदमारी, करगैना, बदायूं रोड आदि इलाकों में शनिवार को भी 12-14 घंटे तक कटौती की गई। इसको लेकर एसडीई अभिषेक कपासिया से भी बात की, लेकिन समाधान नहीं हुआ। संजीव मिश्रा ने बताया कि सुबह 11 बजे के बाद से ही ट्रिपिंग शुरू हो गई। शाम सात बजे आपूर्ति फिर ठप हो गई। निवास यादव ने बताया कि दिन में हर आधे घंटे के बाद एक घंटे की कटौती की गई।
इधर, किला उपकेंद्र के साहूकारा, बड़ा बाजार, सिटी फीडर, किला में पांच-छह घंटे तक बत्ती गुल रही। फीडर नंबर पांच के उपभोक्ताओं की समस्या बरकरार रही। छोटी बमनपुरी, फूटा दरवाजा, चिड़ीमार कुआं आदि इलाकों के उपभोक्ता ट्रिपिंग और कटौती से जूझते रहे। शनिवार को भी यहां लोकल फॉल्ट हुए। सनसिटी, कोहाड़ापीर उपकेंद्र के फीडरों पर भी शनिवार को लोकल फॉल्ट की वजह से समस्या रही। अधिशासी अभियंता महावीर सिंह ने बताया कि सुभाषनगर की 33 केवी लाइन को लेकर समस्या है।
सुभाषनगर में तीन दिन चलेगा 33 केवी लाइन की मरम्मत का काम
सुभाषनगर उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को तीन दिन लगातार कटौती और ट्रिपिंग का सामना करना पड़ेगा। यहां आने वाली 33 केवी की 18 किमी लंबी लाइन की मरम्मत होनी है। एसडीई अभिषेक कपासिया का कहना है कि इसमें तीन से चार दिन का समय लगेगा। पशुपति विहार में शनिवार को खंभा बदला गया। इस दौरान तीन घंटे कटौती की गई। वनखंडीनाथ मंदिर मार्ग पर खंभे और हाईटेंशन लाइन बदलने का काम भी पूरा नहीं हो सका है। शनिवार को लाइनें बदलने के दौरान यहां भी कटौती की गई।
परेशान लोग बोले- जिम्मेदार रिसीव नहीं करते कॉल
सुभाष नगर के रवि सक्सेना ने बताया कि पिछले दस साल में बिजली की इतनी बुरी स्थिति नहीं देखी, जितनी इस बार है। पांच मिनट के लिए बिजली आती है फिर एक-दो घंटे के लिए चली जाती है। पूरे दिन यही खेल चलता रहता है। सब स्टेशन वाले फोन उठाकर रख देते हैं।
बदायूं रोड निवासी अमित शर्मा ने कहा कि इस बार बिजली बहुत परेशान कर रही है। कभी वोल्टेज बहुत तेज हो जाता है कभी लो। 24 घंटे में बमुश्किल पांच-छह घंटे ही बिजली मिल पा रही है। सब स्टेशन वाले फोन नहीं उठाते। जाने पर भी कोई जानकारी नहीं देते।