राहगीरों और स्थानीय लोगों का सड़क पर निकलना दूभर
बरेली। शहर में बंदरों का आतंक है। होटल बरेली पैलेस से बड़े डाकखाने की ओर जाने वाली सड़क पर बंदरों ने डेरा जमा लिया है। बंदरों के आक्रामक व्यवहार के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों का सड़क पर निकलना दूभर हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बंदरों के झुंड अक्सर सड़क पर आकर राहगीरों को दौड़ा लेते हैं। कई बार लोग सड़क पर गिरकर जख्मी हो चुके हैं। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले बच्चों व बुजुर्गों के लिए यह रास्ता खतरनाक साबित हो रहा है। बंदर लोगों के हाथ से सामान भी छीन लेते हैं।
इलाकाई लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद नगर निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बंदरों की बढ़ती संख्या और उनके हिंसक रुख से क्षेत्र में दहशत है। शाम ढलते ही स्थिति और भी विकट हो जाती है, जब बंदर छतों से उतरकर गलियों में आ जाते हैं। स्थानीय निवासियों की मांग है कि नगर निगम और वन विभाग की टीम तुरंत इन बंदरों को पकड़कर सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़े, ताकि लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। संवाद
कैंट में बंदरों की समस्या के निस्तारण के लिए अभियान चलाया जाएंगा। शहर के इलाकों से इन्हें हटाया जाएंगा। - डॉ. भानु प्रकाश, नगर स्वास्थ्य अधिकारी