फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: चनेहटा और करगैना में डेंगू, मलेरिया के साथ लैप्टोस्पायरोसिस और स्क्रब टाइफस के मिले मरीज

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। डेंगू, मलेरिया के साथ ही अब जिले में लैप्टोस्पायरोसिस और स्क्रब टाइफस के मरीज भी मिलने लगे हैं। इससे संचारी रोग नियंत्रण मुहिम सवालों के घेरे में आ गई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, लैप्टोस्पायरोसिस पीड़ित महिला चनेहटा की रहने वाली है, जिसकी जांच मेरठ मेडिकल कॉलेज में हुई थी। वहीं, करगैना निवासी एक अन्य मरीज की लखनऊ की किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में जांच हुई थी।
विज्ञापन

इन दोनों मरीजों की रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद टूटी तो चनेहटा-चनेहटी क्षेत्र में शिविर लगाकर बुखार से पीड़ित लोगों के नमूने लिए गए। 11 मरीजों के नमूने की जिला अस्पताल में हुई एलाइजा जांच में एक युवक में स्क्रब टाइफस की पुष्टि हुई है। जिले में दो साल बाद इन बैक्टीरिया से संक्रमित मरीज मिलने पर विभाग ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट जारी कर बुखार के मरीजों में संदिग्ध लक्षण मिलने पर स्क्रब टाइफस और लैप्टोस्पायरोसिस की जांच के निर्देश दिए हैं। संबंधित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के साथ ही निरोधात्मक कार्रवाई कराने के लिए भी कहा है।

बुखार को न करें नजरअंदाज
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. हरपाल सिंह के मुताबिक, लैप्टोस्पायरोसिस और स्क्रब टाइफस दोनों संक्रमण सामान्य बुखार से शुरू होते हैं। समय पर पहचान और इलाज नहीं मिलने पर संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। लैप्टोस्पायरोसिस में किडनी और लिवर प्रभावित हो सकते हैं, जबकि स्क्रब टाइफस में निमोनिया, मस्तिष्क में सूजन और मल्टी आर्गन फेलियर की आशंका रहती है।
विज्ञापन

लैप्टोस्पायरोसिस
आईडीएसपी प्रभारी डॉ. मीसम अब्बास के मुताबिक, यह लेप्टोस्पाइरा नामक बैक्टीरिया से होने वाला संक्रमण है। चूहे, गाय, भैंस, कुत्ते, सूअर और अन्य संक्रमित पशु इसके वाहक हो सकते हैं। दूषित पानी में नंगे पैर चलने, घाव वाली त्वचा के संपर्क में आने से संक्रमण हो सकता है। बारिश, जलभराव में इसका खतरा बढ़ जाता है। तेज बुखार, सिरदर्द, ठंड लगना, मांसपेशियों में दर्द, लाल आंखें, उल्टी, पीलिया, किडनी संबंधी परेशानी की आशंका होती है।

स्क्रब टाइफस
डॉ. मीसम अब्बास के मुताबिक, यह ओरिएंटिया तसुत्सुगामुशी बैक्टीरिया से होने वाला संक्रमण है। संक्रमित चिगर्स (माइट के लार्वा) के काटने से फैलता है। ये सूक्ष्म कीट घास, झाड़ियों, खेतों में पाए जाते हैं, इसलिए इन स्थानों पर संक्रमण की आशंका होती है। इसमें भी तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, मांसपेशियों में दर्द, शरीर पर दाने और कई बार कीट के काटने वाली जगह पर काली पपड़ी जैसा निशान (एस्कर) बनने लगता है।
बचाव के उपाय
- जलभराव वाले स्थानों पर जाने से बचें। खेतों, नालियों में काम करते समय जूते, दस्ताने पहनें।
- दूषित पानी से हाथ, मुंह न धोएं। घर के पास चूहों की रोकथाम करें। भोजन ढककर रखें।
- बुखार के साथ पिंडलियों में दर्द या आंखों में लालिमा होने पर तत्काल डॉक्टर को दिखाएं।
- झाड़ियों, लंबी घास वाले स्थानों पर जाएं तो मच्छर एवं कीट प्रतिरोधी क्रीम का इस्तेमाल करें।

वर्जन
लेप्टो और स्क्रब टाइफस के मरीज मिलने के बाद सीएचसी प्रभारियों को ट्रैक, ट्रेस्ट और ट्रीट के निर्देश दिए गए हैं। निजी अस्पतालों को भी ऐसे मरीजों की सूचना विभाग को देने के लिए कहा है, ताकि रोकथाम और नियमानुसार निगरानी हो सके। - डॉ. विश्राम सिंह, सीएमओ
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें